मवेशियों की तस्करी का भंडाफोड़

ऊना। जिले के सीमांत कस्बा मैहतपुर में पुलिस ने मवेशियों की तस्करी करने वालों का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरी गई 20 भैंसों और एक कटड़ी बरामद की है। उक्त मवेशियों को हमीरपुर के भोटा से लाया जा रहा था और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के लिए भेजा जा रहा था। पुलिस ने पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ पशु अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार मध्य रात्रि मैहतपुर बैरियर पर मुख्य आरक्षी सुभाष चंद शर्मा, संतोष कुमार, एचएचसी महेंद्र और राज कुमार पर आधारित टीम ने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान ऊना की ओर से ट्रक नंबर एचआर 45ए 0686 पंजाब के नंगल की ओर जा रहा था। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकने का इशारा किया। ट्रक में लगभग 21 मवेशियों को बुरी तरह ठूंसा गया था, जिसके चलते लगभग एक दर्जन बुरी तरह घायल हो चुके थे। ट्रक में सवार दो व्यक्तियों कलीम पुत्र असलम और महबूब पुत्र याकूब दोनों निवासी सहारनपुर से पुलिस टीम ने मवेशियों को ले जाने के संदर्भ में दस्तावेज दिखाने को कहा तो वे कुछ नहीं दिखा पाए। पुलिस टीम ने दोनों के खिलाफ पशु अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts