
ऊना। विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास मलांगड़ मिल्क फेडरेशन के निदेशक चुन लिए गए हैं। बुधवार को सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं ऊना के जिला निरीक्षक बालक राम शर्मा ने मिल्क फेडरेशन के निदेशक पद पर निर्वाचन का प्रमाण पत्र दिया। इस अवसर पर जिले की दुग्ध सहकारी सभाओं के सदस्य और दुग्ध अभिशीतन केंद्रों के संचालक भी मौजूद थे। दो जुलाई को रामदास मलांगड़ ने निदेशक के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। निर्धारित अवधि तक इस पद के लिए कोई दूसरा नामांकन नहीं पहुंचा था। रामदास मलांगड़ को बुधवार सर्वसम्मति से मिल्क फेडरेशन ऊना जिला का निदेशकनिर्वाचित घोषित किया गया। रामदास मलांगड़ की इस नियुक्ति के मौके पर इंचार्ज मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट लालसिंगी झलेड़ा सुरजीत सिंह मान, अमृत लाल प्रधान मिल्क प्रोड्यूसर को-आपरेटिव सोसायटी हवारला, अजय कुमार पटियाल, उर्मिला देवी प्रधान, तीर्थ राम हवारला, मेहर चंद सुखिया एवं चमन लाल फोरमैन समेत कई लोग उपस्थित थे।
