
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-88 पर भिड़ा के साथ लगती गसोती खड्ड पुल के पास पहाड़ी का मलबा आ गिरा। इस कारण राष्ट्रीय राजमार्ग करीब पांच घंटे पूर्ण रूप से बाधित रहा। इस कारण लंबे रूट के साथ लोकल रूट भी प्रभावित हुए। वाहन चालकों को दूसरे संपर्क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे कड़ी मशक्कत के बाद राजमार्ग को सुचारू किया गया।
जानकारी के अनुसार बारिश के चलते भूस्खलन से पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। राजमार्ग से मलबा हटाने को दो जेसीबी मशीनें लगाई गई थीं। करीब तीन घंटे की कसरत के बाद यातायात को बहाल किया जा सका। हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। हादसे के दौरान सड़क पर कोई वाहन या राहगीर नहीं था। यातायात अवरुद्ध होने से वाहन चालकों को दूसरे संपर्क मार्ग से गंतव्य तक जाना पड़ा। संपर्क मार्ग पर भी बारिश के चलते एक ट्रक सड़क के किनारे नाली में धंस गया। संपर्क सड़क मार्ग में भी जाम की स्थिति बनी रही। बसों के लोकल रूटों सहित लंबे रूट भी प्रभावित हुए हैं। यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानियों से जूझना पड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग ने राजमार्ग को बहाल करने के लिए एक जेसीबी मशीन भेजी लेकिन मलबे को देखकर जेसीबी चालक ने मौके से उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। विभाग ने दूसरी जेसीबी मौके पर भेजी। दोनों जेसीबी मशीनों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद राजमार्ग को सुचारू किया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अवरुद्ध होने की जानकारी मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीनें भेज दी गई हैं। करीब एक बजे तक यातायात को बहाल कर दिया गया है।
-सतीश नाग, अधिशासी अभियंता, एनएच
