मर्डर, लूटपाट में संलिप्त है स्नेचर

ऊना। जिले के झलेड़ा में पकड़े गए चेन स्नेचिंग के नौ आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में हत्या और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। यह खुलासा पुलिस की छानबीन में हुआ है। स्नेचिंग के एक आरोपी पर पंजाब के भवानीगढ़ संगरूर में मर्डर का केस दर्ज है। इसी आरोपी पर नशीले पदार्थों की तस्करी के जुर्म में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी केस चल रहा है।
ऊना पुलिस ने इन आरोपियों को झलेड़ा में स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के आरोप में धरा है। वारदात के बाद सभी आरोपी अंब की तरफ भाग गए थे लेकिन पुलिस ने जाल बिछाकर पूरे गिरोह को धर लिया। अब सभी नौ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में संगरूर की कृष्णा देवी, भवानीगढ़ संगरूर का जग्गा सिंह, सुनाम संगरूर का परमजीत सिंह उर्फ पम्मी, सुनाम संगरूर की लेसो उर्फ लक्ष्मी, रामनगर संगरूर की गुरमेल कौर, जोलिया भवानीगढ़ संगरूर की काकी, सुनाम संगरूर की गेजो देवी, सुनाम संगरूर का पवन और बोधराज शामिल हैं। एसपी ने कहा कि जग्गा पर भवानीगढ़ थाना में मर्डर केस और नशे की तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। कृष्णा देवी के खिलाफ कैथल सिटी चौकी में चोरी का केस दर्ज है। गुरमेल पर संगरूर में लड़ाई झगड़े और लुधियाणा में चोरी का केस चल रहा है। गेजो देवी पर पंजाब के खन्ना में चोरी और हिमाचल के सोलन में स्नेचिंग का मामला दर्ज है। बोधराज पर अवैध शराब की तस्करी के हरियाणा के हिसार में दो मामले दर्ज हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। उन्होंने आपराधिक वारदातों पर शिकंजा कसने के लिए आम लोगों से भी पुलिस को सहयोग की अपील है

Related posts