
केलांग। भारी बारिश के चलते लाहौल घाटी के दो अलग-अलग जगहों पर आई बाढ़ से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात मयाड़ घाटी के तमलू में बारिश के बाद आई बाढ़ में उदयपुर-तिंगरेट सड़क मार्ग का करीब 100 मीटर हिस्सा पानी में बह गया। मुरिंग पंचायत के चोखंग-नैनगाहर इलाके में कृषि योग्य भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। शनिवार को एसडीएम उदयपुर ने घटना स्थल का दौरा किया।
मयाड़ में तैनात लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता किशन ने बताया कि पानी के तेज बहाव में तमलू के पास 35 मीटर लंबा डंगा और 75 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण करीब 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एसडीएम उदयपुर राजकृष्ण ठाकुर ने मौके का जायजा लेने के बाद राजस्व विभाग को चोखंग-नैनगाहर क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने के आदेश दिए हैं। लोनिवि चिनाब डिविजन के अधिशासी अभियंता हिमांशु बिष्ट ने कहा कि बादल फटने से सड़कों को भी क्षति पहुंची है।
