
स्पॉट फिक्सिंग मामले में मुंबई पुलिस की जांच से फरार बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन को और मोहलत नहीं मिलेगी।
बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस की चार सदस्यीय टीम चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ मयप्पन से पूछताछ करने के मकसद से चेन्नई स्थिति उनके घर पहुंची तो वह नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने मयप्पन के नाम समन जारी कर उन्हें मुंबई में जांचकर्ताओं के समक्ष शुक्रवार को उपस्थित होने का निर्देश दिया।
इसके बाद मयप्पन ने मुंबई पुलिस से सोमवार तक की मोहलत मांगी थी जिसे पुलिस ने खारिज कर दिया है। मुंबई पुलिस ने मयप्पन को तुरंत हाजिर होने को कहा है।
माना जा रहा है कि मयप्पन अगर गिरफ्तार होते हैं तो बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि सूत्रों के मुताबिक श्रीनिवासन ने इस्तीफा देने से मना किया है।
बृहस्पतिवार को मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर हिमांशु रॉय ने बताया कि मयप्पन को शुक्रवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे के बीच उपस्थिति होने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो विंदू ने बता दिया है कि वह सट्टेबाजी के लिए मयप्पन की मदद लिया करता थे। इसी के बाद पुलिस मयप्पन से पूछताछ की तैयारी में जुट गई। मयप्पन के अलावा पुलिस कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी से भी पूछताछ कर सकती है।
गुरुनाथ का ठिकाना बना रहस्य
बीसीसीआई चीफ एन श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन के ठिकाने के बार में इस समय किसी को जानकारी नहीं है। कुछ का कहना है कि वह कोलकाता के लिए रवाना हो चुके हैं तो कुछ लोग कहते हैं कि वह दिल्ली में ही कहीं ठहरे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मंगलवार को हुए मुकाबले के दौरान वह स्टेडियम में मौजूद थे। लेकिन पहले प्लेऑफ के बाद वह नदारत हो गए। तब से यह किसी को नहीं मालूम कि वह कहां हैं। उनके मुंबई में होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
