मनोज तिवारी के कार्यक्रम में एकजुट दिखी भाजपा

नई दिल्ली प्रदेश भाजपा में दिन भर चले हाईवोल्टेज ड्रामे की गर्मी रात होते-होते गीत-संगीत के बीच ठंडक में बदल गई।

भोजपुरी गायक मनोज तिवारी के कार्यक्रम में पार्टी एकजुट दिखी और मंच पर डॉ. हर्षवर्धन और विजय गोयल साथ-साथ नजर आए।

गोयल ने मंच पर मेरा रंग दे बसंती चोला की तान भी छेड़ी। भाजपा के नेता पूर्वांचलियों के एक सम्मेलन में एकजुट दिखे।

इस कार्यक्रम में दिल्ली के चुनाव प्रभारी नितिन गडकरी के साथ विजय गोयल, डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सह प्रभारी आरके सिन्हा और अमन सिन्हा भी मंच पर मौजूद थे।

इस मौके पर भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा में आने का उनका मकसद चुनाव लड़ना नहीं है। पूर्वांचलियों के हित को लेकर वे पार्टी के लिए प्रचार अभियान में जुटे है।

दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचलियों के लिए वे पार्टी से जुड़े हैं। एक शाम पूरब के नाम कार्यक्रम में तिवारी ने समा बांध दिया। भाजपा के सभी नेताओं के नाम को एक गीत में पिरोकर उन्होंने प्रस्तु‌ति दी।

उनके भोजपुरी गाने के बोल थे नरेंद्र मोदी भइया के मइया दीह आशिषयाना (आशीर्वाद)। उन्होंने इस गाने में विजय गोयल, डॉ. हर्षवर्धन, नितिन गडकरी समेत सभी नेताओं का जिक्र कर एकजुटता का संदेश दिया।

इस मौके पर नितिन गडकरी ने कहा कि पार्टी में कोई घमासान नहीं है, जैसा कि मीडिया में खबरें चल रही हैं।

अभी तक मुख्यमंत्री उम्मीदवार का फैसला नहीं हुआ है। जब भी फैसला होगा सभी को बताया जाएगा।

भाजपा प्रवक्ता अमन सिन्हा ने बताया कि गडकरी ने मंच से आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्वांचलियों को तरजीह देने की बात कही है।

वोट प्रतिशत के हिसाब से योग्य उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा।

Related posts