मनाली-लेह मार्ग 13 घंटे ठप

केलांग। भारी बारिश के कारण मनाली-लेह मार्ग 13 घंटे बाधित रहा। रात करीब नौ बजे सड़क बंद हुई। सुबह करीब 11 बजे मार्ग की बहाली हो सकी। इस कारण एचआरटीसी केलांग डिपो की बसें निर्धारित समय सारणी से कई घंटे लेट गंतव्य तक पहुंची। राहनीनाला के समीप भूस्खलन और पत्थर लुढ़कने से सड़क मार्ग अवरुद्ध रहा। हरे मटर से लदे छोटे वाहनों के अलावा लेह से मनाली और मनाली से लेह की तरफ आने जाने वाले कई पर्यटक वाहन और निगम की बसें जाम में फंसे रहे। सीमा सड़क संगठन ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर ट्रैफिक खोल दिया। इधर, पंडोह के समीप ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ जाने से शिमला- केलांग और धर्मशाला-त्रिलोकनाथ रूट पर चलने वाली बसें भी कई घंटे देर से पहुंची। बताया जा रहा है कि रविवार शाम को लाहौल से हरे मटर लाद कर कुल्लू की तरफ रवाना हुए वाहन रात भर रोहतांग और राहनीनाला के आस-पास फंसे रहे। इनमें करीब 5 हजार टन हरा मटर लदा था। आशंका जाहिर की जा रही है कि इस मार्ग पर जाम की स्थित से जल्द नहीं निपटा गया तो आने वाले दिनों में मटर के दाम लुढ़क सकते हैं। लाहौल पंचायत प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार ने जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन से अपील की है कि रोहतांग मार्ग पर जाम की समस्या से निजात दिलाई जाए। उधर, परिवहन निगम के आरएम मंगल चंद ने बताया कि जाम के कारण लंबी रूटाें की बसें आठ घंटे देरी से गंतव्य तक पहुंची।

Related posts