
मनाली। राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवल मनाली का आयोजन दो से छह जनवरी तक किया जाएगा। विंटर कार्निवल कमेटी के साथ बैठक में उपायुक्त कुल्लू और विंटर कार्निवल कमेटी के चेयरमैन राकेश कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार ही विंटर कार्निवल मनाया जाएगा। उतर भारत के स्कूलों में एक जनवरी से दस जनवरी तक छुट्टियां होती हैं, इसलिए विंटर कार्निवल मनाली की तिथियां निर्धारित की गई हैं। छुट्टियां होने के कारण देश भर के सैलानी विंटर कार्निवल के दौरान यहां की संस्कृति से रू-ब-रू होंगे। राकेश कंवर ने बताया कि मनाली के विंटर कार्निवल का इस बार देश के कोने-कोने में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
मनु रंगशाला के साथ-साथ मनाली के माल पर भी स्टेज लगाए जाएंगे, जिसमें मनु रंगशाला प्रस्तुत होने वाले अच्छे कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। उन्हाेंने कहा कि स्थानीय केबल वाले भी विंटर कार्निवल का सीधा प्रसारण करेंगे। इसके अलावा मनु रंगशाला में प्रस्तुत करने वाले कार्यक्रमों को मनाली के माल पर कुछ स्क्रीन लगाकर दिखाया जाएगा। राकेश कंवर ने बताया कि विंटर कार्निवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे। हर वर्ष की भांति पहले दिन देवी हडिंबा के मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद मुख्यातिथि वीरभद्र सिंह स्थानीय महिला मंडलों एवं देश के कोने कोने से आए सांस्कृतिक दलों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वह मनाली में नव निर्मित इंटरनेशनल प्रेस क्लब के कक्ष का उद्घाटन भी करेंगे और उसके बाद मनु रंगशाला में रंगारंग सांस्कृतिक विंटर कार्निवल के कार्यक्रमों का शुभारंभ भी करेंगे। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, एसडीएम विनय धीमान, नप अध्यक्ष मनाली रूप चंद नेगी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर आदि मौजूद थे।
