मनाली में मिली लापता युवक की लाश

आनी (कुल्लू)। चार दिन से लापता आनी पंचायत के थबोली गांव के युवक की लाश मनाली में ब्यास नदी के किनारे मली। युवक की लाश नदी किनारे मिलने से उसकी हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। मनाली पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
आनी के थबोली गांव निवासी रामकृष्ण मनाली के किसी होटल में काम करता था। 28 जून को ही उसने अपने माता-पिता को फोन पर बताया कि तीन जुलाई को वह घर आएगा। लेकिन, पुलिस के अनुसार यह युवक 30 जून से ही होटल से गायब हो गया था। मनाली थाना के एसएचओ नीलचंद के अनुसार एक जुलाई को किसी ने सूचना दी कि मनाली में क्लाथ नामक स्थान के पास ब्यास नदी में शव फंसा है। पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से शव को निकालने की कोशिश की, लेकिन बहाव तेज होने के कारण लाश बह गई। फिर दो जुलाई को सूचना के आधर पर वही लाश 17 मील के पास फंसी हुई मिली, जिसे निकाल कर शवगृह में लाकर पोस्टमार्टम करवा गया। तीन जुलाई को होटल के किसी व्यक्ति ने रामकृष्ण के परिजनों को फोन पर सूचित किया कि उनका बेटा 30 जून से गायब था और एक लाश पुलिस ने बरामद की है, जिसकी शिनाख्त होनी बाकी है। इस पर परिजनों ने मनाली जाकर वीरवार को शव की शिनाख्त की। परिजनों को शक है कि उनके बेटे की मौत महज एक हादसा नहीं बल्कि हत्या का मामला है, जिस पर होटल प्रशासन पर्दा डाल रहा है। पिता रामानंद और माता ईशरा देवी का कहना है कि जब उनका बेटा 30 जून से लापता था तो उसकी सूचना उन्हें उसी दिन क्यों नहीं दी गई या फिर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट क्याें दर्ज नहीं करवाई गई? दूसरी बात ब्यास में लाश के मिल जाने के बाद ही होटल के किसी व्यक्ति द्वारा सूचित क्यों किया गया और वे लोग उनके साथ काम करने वाले रामकृष्ण को क्यों पहचान नहीं पाए? उनका कहना है कि रामकृष्ण की लाश पर कई जगह चोटों के निशान पाए जाने से भी हत्या का शक गहराने लगा है। परिजनों ने एसपी कुल्लू से हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन नए सिरे से शुरू करने का आग्रह किया है।

Related posts