
मनाली/पतलीकूहल। पर्यटन नगरी मनाली के वामतट पर एक नाले से लाश बरामद होने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस केस में पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 147 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। डीएसपी पूर्ण सिंह ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक उन्हें जगतसुख से किसी नागरिक ने लाश मिलने की सूचना दी। मौके पर पहुंच पुलिस ने पाया कि जगतसुख नाले के बीचोंबीच एक क्षतविक्षत शव पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया। लाश पुरानी होने के चलते इसकी शिनाख्त में भी परेशानी हो रही है। लाश के बदन पर सिर्फ नीले रंग का अंडरबियर और बनियान ही बचा है। चेहरे पर पतली मूंछें होने से पुलिस उसके बिहार का होने की आशंका जता रही है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस इस केस को ट्रेस करने के लिए हर पहलू से छानबीन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह हत्या है या फिर कोई हादसा। इस रहस्य से जल्द पर्दा उठेगा। पुलिस मामले की तह तक जाने को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
