मनाली में टैक्सी आपरेटर यूनियन की हड़ताल खत्म

मनाली। हिमाचल टैक्सी आपरेटर यूनियन मनाली ने अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त कर दिया है। पर्यटक रोहतांग दर्रे का आसानी से दीदार कर सकेंगे। यह सब मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी की मध्यस्थता से संभव हुआ। मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी मंगलवार रात से ही इस मसले को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। टैक्सी यूनियन मनाली ने चार साल पुरानी गाड़ियों को रोहतांग पास न भेजे जाने के विरोध में अनिश्चित कालीन हड़ताल का ऐलान किया था।
मनाली टैक्सी आपरेटर यूनियन के प्रधान पूर्ण चंद ठाकुर और महासचिव मकर ध्वज शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने टैक्सी यूनियन मनाली की समस्या को सुना और आश्वासन दिया कि वह यूनियन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उन्होेंने बताया कि प्रदेश सरकार न्यायालय में टैक्सी यूनियन के हक में अपील करेगी। कोई भी सरकार किसी की रोजी रोटी नहीं छीनना चाहती। सरकार का काम जनता को रोजगार प्रदान करने का है।
उन्होंने कहा कि जितनी भी टैक्सियां मनाली में चल रही हैं वह हर वर्ष अपना फिटनेस चेक और पासिगं करवाकर ही चलती हैं। उन्होंने बताया कि यूनियन ने अपनी हड़ताल को समाप्त कर दिया है। कहा कि यूनियन का पहला कर्तव्य पर्यटकों को सुख सुविधा प्रदान करने का है। उन्होंने कहा कि मनाली विकास मंच के संयोजक धर्मवीर धामी ने भी उनकी मांगों से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अवगत करवाकर उन्हें हल करवाने का प्रयास किया।

Related posts