मनाली नेशनल हाइवे की हालत सुधारें

कुल्लू/पतलीकूहल। अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव से ठीक पहले सड़क परिवहन एवं स्वास्थ्य जनहित संघर्ष समिति ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आंदोलन की रणनीतिय तैयार कर ली है। समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने बताया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-21 की मनाली से कुल्लू तक हालत खराब हो गई है। वाम मार्ग की टायरिंग उखड़ चुकी है।
उन्होंने बताया कि विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। लिहाजा, लोगों को हर दिन समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। समिति की शनिवार को पतलीकूहल में हुई बैठक में सदस्याें ने इस क्षेत्र में सड़कों की दयनीय हालत पर चिंता जताई। सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग को दशहरे से पहले सड़क ठीक करने का अल्टीमेटम भी दिया। समिति अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विभाग ने मनाली से क्लाथ तक ही टायरिंग की है जबकि यह कार्य डोभी पुल तक होना था। साथ ही अलेउ से कुल्लू तक होने वाली टायरिंग और पैचवर्क का कार्य भी रोक दिया है। अध्यक्ष देवेंद्र नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस मार्ग को चकाचक करने के लिए कहा था। विभाग ने मुख्यमंत्री के आदेशों की भी अवहेलना की है। कहा कि अगर समय रहते कार्य शुरू नहीं किया गया तो संघर्ष समिति आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोकुल, हंसराज शर्मा, महासचिव रमेश डोगरा, सचिव देवी सिंह, सचिव तारा चंद, दौलत ठाकुर, खेमराज, विनोद कुमार और लोतम सिंह मौजूद रहे।

Related posts