
कुल्लू। ड्यूटी के दौरान कोताही बरतना मनाली थाने के पुलिस कर्मचारियों पर भारी पड़ गया। सूचना मिलने के बाद भी समय पर न पहुंचने के कारण चोरी के दो आरोपी पकड़े नहीं जा सके। एसपी कुल्लू ने ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मियों में से दो पुलिस पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है और तीसरे को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मनाली में दो विदेशी महिलाओं का दो महिलाओं ने सामान चोरी कर लिया था। लेकिन मनाली बस अड्डे पर इन महिलाओं को मनाली के ही एक व्यक्ति और कुछ अन्य लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने इस मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी। लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी जल्द मौके पर नहीं पहुंचे। इस पर लोगों को मजबूरन इन आरोपी महिलाओं को छोड़ना पड़ा। लोगों ने साथ ही इस मामले की सूचना एसपी विनोद कुमार धवन को दी। एसपी विनोद कुमार धवन का कहना है कि पुलिस कर्मी की कोताही के कारण आरोपी छूट गए। इसलिए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का पता कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सूचना देने और आरोपियों को पकड़ने के लिए पत्रकार और स्थानीय लोगों का आभार जताया है।
एसपी विनोद कुमार धवन ने कहा कि ड्यूटी में कोताही बरतना सहन नहीं किया जाएगा। लापरवाही कर्मियों के खिलाफ विभाग नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा। मामले में दो पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है और एक को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अपील की है कि वे पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे लोगों से अच्छा व्यवहार करें।
