मनाली की मनु मार्केट में चोरी

कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में चोरों ने सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान में सेंध लगा दी। चोरों ने सोने-चांदी से बने करीब साढे़ चार लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मनाली की मनु मार्केट में गणपति ज्वेलर की मालकिनज्योति ने पुलिस में दर्ज करवाई एफआईआर में कहा है कि गत रात उनकी दुकान के शट्टर के ताले अज्ञात लोगों ने तोड़ दिए थे। जब सुबह वह दुकान पर पहुंचीं तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान में जाकर देखा तो दुकान में रखे करीब 80 ग्राम सोने के बने आभूषण और करीब पांच किलो चांदी के बने आभूषण गायब थे। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि ज्वेलर की दुकान से चोरी आभूषणों की कुल कीमत साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वारदात वाली जगह की फोटो और वीडियो भी करवाई है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ कर रहे हैं। मामले की छानबीन का जिम्मा एसआई मथरू राम को सौंपा गया है।

Related posts