मनाली-काजा रूट पर अभी नहीं चलेगी बस

केलांग। कुंजुम दर्रा होकर मनाली-काजा जाने वाले लोगों को अभी बस सेवा के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। हालांकि सीमा सड़क संगठन ने करीब सात माह बाद कुंजुम दर्रा को बहाल कर दिया है लेकिन अभी तक इस मार्ग पर छोटे वाहन ही चल पा रहे हैं। सोमवार को इस रूट पर बस ट्रायल के तौर पर चलाई गई। लेकिन मार्ग में तीन प्वाइंट खराब होने के कारण बसों की नियमित सेवा को हरी झंडी देने से इनकार कर दिया है। केलांग से बस लेकर काजा पहुंचे निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगलचंद मानेपा ने बताया कि ग्रांफू से करीब 9 किलोमीटर आगे सड़क पर अभी बर्फ है। वहां से बसों को निकालना संभव नहीं। जबकि बड़ा दड़ा और इसके बीच दो जगहों पर भी हालत सही नहीं है। काजा में उन्होंने इसको लेकर सीमा सड़क संगठन के 108 आरसीसी के अधिकारियों से भी बातचीत की।
बीआरओ के 70 आरसीसी के ओसी मेजर एसके एंथोनी ने कहा कि एक दो रोज के भीतर खराब प्वाइंट को ठीक कर दिया जाएगा। मंगलचंद मानेपा ने बताया कि खराब सड़क ठीक होते ही मनाली-काजा रूट पर निगम की बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

Related posts