
ऊना। जिला मुख्यालय की समीपवर्ती पंचायत में प्रधान की ओर से मनरेगा योजना में सरकारी पैसों के दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। उपायुक्त कम डीआरडीए डायरेक्टर अभिषेक जैन की ओर से जारी पत्र में पंचायत प्रधान को दुरुपयोग की गई राशि जल्द से जल्द बीडीओ कार्यालय में जमा करवाने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रधान की ओर से मनरेगा योजना के तहत किए जा रहे एक कार्य में लगभग 35 हजार रुपये का गोलमाल सामने आया है।
हाल ही में सामने आए एक अन्य मामले में भी बंगाणा क्षेत्र की एक पंचायत के प्रधान से 10 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई थी। ताजा घटनाक्रम में पंचायत प्रधान से 35 हजार रुपये से अधिक की रिकवरी किए जाने से पंचायती राज संस्थाओं से लोगों का भरोसा उठने लगा है। उक्त प्रधान को जारी पत्र संख्या लोकपाल (मनरेगा) 2012-2013-801-803 दिनांक 30-04-2013 के माध्यम से यह आदेश जारी किए गए हैं। पंचायत प्रधान के खिलाफ उसी पंचायत के किसी बाशिंदे ने मनरेगा में पैसों के दुरुपयोग की शिकायत की थी। जिसके आधार पर लोकपाल मनरेगा शांति शर्मा ने मामले की छानबीन कर प्रधान को दोषी करार देते हुए उनसे उक्त राशि की रिकवरी करने की सिफारिश की थी। जिसे उपायुक्त अभिषेक जैन ने मंजूरी देते हुए पंचायत प्रधान को 10 दिन के भीतर लगभग 35 हजार रुपये की राशि बीडीओ कार्यालय में जमा करवाने के आदेश दिए हैं।
