
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के समस्त ब्लाक खंडों के बीडीओ की अहम बैठक समिति हाल देहरा में आयोजित की गई। अध्यक्षता ग्रामीण विकास विभाग की प्रधान सचिव उपमा चौधरी ने की। उन्होंने मनरेगा सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं की फीड बैक बीडीओ से ली। मनरेगा में हुए कार्य के लिए जिला कांगड़ा के अव्वल रहने पर सभी बीडीओ की प्रधान सचिव ने सराहना की। कहा कि यह कार्य अन्य जिलों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगा। इसके अलावा जिला कांगड़ा के इंदिरा आवास योजना में अव्वल रहने पर प्रधान सचिव उपमा चौधरी ने समस्त बीडीओ की पीठ थपथपाई। साथ ही बैठक में निर्मल भारत अभियान को जिला कांगड़ा में शुरू करने को लेकर चरचा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं को कार्यान्वित करने के दौरान आ रही रुकावटों पर भी बीडीओ से पूछा गया। प्रधान सचिव ने सभी बीडीओ को आश्वासन दिया कि इन रुकावटों को दूर करने के लिए प्रदेश स्तर पर हर सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने जिले के सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि केंद्रीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करें। इस मौके पर एडीसी कांगड़ा रोहन ठाकुर, एसडीएम देहरा विनय कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के उपनिदेशक कुलवीर सिंह राणा, एकीकृत जलागम प्रबंधन की परियोजना निदेशक पूजा चौहान, बीडीओ देहरा मुनीष कुमार, बीडीओ परागपुर ललित जैन, फतेहपुर के जगन ठाकुर और रुग्वेद ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
खंड स्तर पर पहली बार हुई बैठक
प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि ग्रामीण विकास विभाग की कोई बैठक जिला मुख्यालय की बजाए किसी खंड स्तर पर हुई है। इससे पहले इस तरह की बैठकें जिला मुख्यालय में ही आयोजित होती थीं। इस पर प्रधान सचिव उपमा चौधरी ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित करने से कई जमीनी जानकारियां हासिल हो जाती हैं और योजनाओं के कार्यान्वयन के बारे में पता चलता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की बैठकें खंड स्तर पर किए जाने के प्रयास होंगे।
