मनमाने दाम की वसूली पर लगे अंकुश

रोहड़ू। बाजार में सब्जियों और फलों के मनमाने दाम वसूल कर दुकानदार उपभोक्ताओं को खासा चूना लगा रहे हैं। दुकानदारों की इस मनमानी पर सरकारी नियंत्रण नहीं है। लोगों ने प्रशासन से दामों की मनमानी वसूली पर नियंत्रण करने की मांग की है।
रोहड़ू तथा आसपास के कस्बों में विक्रेता मनमाने दाम पर फल और सब्जी बेच कर खूब चांदी कूट रहे हैं। रोहड़ू बाजार में हर दस मीटर के बाद फल तथा सब्जी के दाम अलग-अलग हैं। बाजार में कहीं प्याज बीस रुपये किलो तो कहीं 25 से 30 रुपये किलो बेचा जा रहा है। केले, अमरूद तथा अन्य फलों के दाम भी अलग-अलग हैं। बाजार के किसी भी दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने मूल्य सूची नहीं लगा रखी है। सुरेश चौहान का कहना है कि महंगाई के साथ सब्जी की गुणवत्ता भी सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों को घटिया किस्म की सब्जी बेची जा रही है। सर्दियों में यहां के लिए मैदानी क्षेत्रों की मंडियों से खराब सब्जी भर कर पहुंचाई जा रही है। तारा सिंह तथा कृष्ण चंद ने आरोप लगाया कि बाजार में उपभोक्ताओं की शक्ल देख कर फलों और सब्जियों के दाम वसूले जा रहे हैं। दुकानदारों ने कोई रेट लिस्ट नहीं लगा रखी है। उपभोक्ताओं ने खाद्य निरीक्षक से उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाजार में फलों तथा सब्जियों के दामों पर नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि खराब फलों तथा सब्जियों की जांच के लिए टीम बना कर इन्हें नष्ट करने के आदेश किए जाएं।

Related posts