
संतोषगढ़ (ऊना)। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही विद्युत बोर्ड मनमानी पर उतर आया है। नगर में रोजाना पावर कट लगने से जनता परेशान है। बिजली के खंभों पर लगी तारें भी काफी नीचे लटकी हुई हैं, जो कभी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। गर्मी के मौसम में रोजाना कट लगने से दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। मिष्ठान भंडार संचालकों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है।
क्षेत्रनिवासी राकेश मास्टर, भगवंत किशोर, राम कुमार, नीतिश कुमार, पंकज, अनिल कुमार, मोहित मेहरा, विजय कुमार, विवेक कुमार, रोहित, राम कपिला, दीपक कुमार, सुनीता द्विवेदी आदि का कहना है कि बिजली कट लगने से दुकानाें में फ्रि ज में पडे़ खाद्य पदार्थ खराब हो रहे हैं, जिसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है और मशीनों पर काम करने वाले दुकानदारों का बिजली के कट लगने से कारोबार ठप हो रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार सुबह पांच बजे से नौ बजे और रात को सात से आठ बजे तक बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। नगर के डाकघर में जेनरेटर की सुविधा न होने से बिजली कट लगने पर लोगों को टेलीफोन बिल जमा करवाने एवं पैसे जमा करवाने एवं निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संतोषगढ़ के बिंदु सैणी, मोहित और विनोद पुरी का कहना है कि बिजली घर में रात के समय कोई कर्मचारी तैनात न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि रात को घरों में बिजली की तारों में खराबी आने पर सारी रात जागकर बितानी पड़ रही है। उनका आरोप है कि रसूखदार लोगों को ही तवज्जो दी जा रही है।
कोट्
विद्युत बोर्ड के एसडीओ मोहन लाल भारद्वाज का कहना है कि बिजली की तारों में खराबी आने के कारण कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति बधित की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
