मनचाहा सब्जेक्ट लेने को छूटेंगे पसीने

हमीरपुर। छात्रों को मनचाहा सब्जेक्ट तथा डिग्री हासिल करने के लिए खूब कसरत करनी होगी। बड़े कालेजों में यह भी संभव है कि उन्हें मनचाहे संकाय में प्रवेश ही न मिले। मजबूरन अन्य संकाय में प्रवेश लेना पड़े, या फिर बड़े कालेज में प्रवेश का सपना चूर हो जाए तथा अन्य छोटे कालेजों की ओर रुख करना पड़े। सैकड़ों छात्रों को कालेज में लागू की जा रही नई रूसा व्यवस्था के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। साइंस संकाय के छात्रों तथा 35 से 45 प्रतिशत अंक लेकर पास होने वाले छात्रों के लिए दिक्कत हो सकती है। जिला मुख्यालय पर स्थित बड़े कालेजों में पिछले वर्ष तक सभी छात्रों अपने संकाय में प्रवेश मिलता रहा है। पर, इस बार शायद ऐसा संभव नहीं हो सके।
उदाहरण के लिए हमीरपुर कालेज में नान मेडिकल संकाय में फीजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ मेजर सब्जेक्ट में प्रत्येक में 120 सीटें निर्धारित हैं, यानि कुल 360 सीटें। जबकि पिछले वर्ष नान मेडिकल प्रथम वर्ष में 437 छात्रों (अनुत्तीर्ण छात्रों की संख्या अलग है) ने प्रवेश लिया था। स्पष्ट है मेरिट में नीचे रहने वाले छात्र नान मेडिकल में प्रवेश हासिल नहीं कर पाएंगे। दूसरा अच्छे अंक न होने पर मनचाहा मेजर सब्जेक्ट भी नहीं मिलेगा। मेडिकल संकाय में बॉटनी, जूलोजी के लिए 120 सीटें निर्धारित हैं। पिछले वर्ष प्रथम वर्ष में 158 नए छात्रों ने प्रवेश लिया था। यही हाल कला संकाय में मनपसंद विषय को लेकर भी होगा। कला संकाय में प्रत्येक मेजर सब्जेक्ट में कालेज में 60 सीटें निर्धारित की गई हैं।
उधर, हमीरपुर कालेज प्राचार्य पीसी पटियाल का कहना है कि प्रत्येक विषय के मेजर सब्जेक्ट में सीटें निर्धारित हैं। छात्रों को मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रदान किया जाएगा। छात्रों को तीन आप्शन भरने होंगे, मेरिट के आधार पर विषय आवंटित होंगे।

– करने ही होंगे क्रेडिट पूरे
छात्रों की तीन वर्ष की अवधि (छह सेमेस्टर) के दौरान 120 क्रेडिट पूरे करने होंगे। निर्धारित क्रेडिट पूरे करने पर ही डिग्री हासिल होगी, अन्यथा नहीं। इसके तहत मेजर सब्जेक्ट के न्यूनतम 14कोर्स (56 क्रेडिट), माइनर सब्जेक्ट के 10 कोर्स (40 क्रेडिट), कंपल्सरी में 03 कोर्स (09 क्रेडिट), इंट्रस्ट या हाबी का एक कोर्स (01 क्रेडिट) शामिल होगा। छात्रों को न्यूनतम इतना करना ही होगा, लेकिन डिग्री के लिए चारों में से किसी भी सब्जेक्ट में कोर्स बढ़ाकर क्रेडिट पूरे करने होंगे।

– न्यूनतम अधिकतम कोर्स निर्धारित
मेजर सब्जेक्ट 14 से 18 कोर्स
माइनर सब्जेक्ट 10 से 13 कोर्स
कंपल्सरी सब्जेक्ट 03 से 06 कोर्स
हॉबी, इंट्रस्ट 01 से 03 कोर्स

Related posts