मधु और ज्योरिका बनीं ट्रैक की उड़नपरी

बिलासपुर। एथलीट कोच स्वर्गीय कमलेश कुमारी की स्मृति में बिलासपुर में एथलेेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के खेल मैदान में आयोजित इस स्पर्धा में जिलाभर के स्कूलों के 225 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मार्किट कमेटी के अध्यक्ष विवेक कुमार ने किया, जबकि समापन समारोह में स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। प्रतियोगिता के तहत छात्राओं के जूनियर छात्रा वर्ग में मधु ट्रैक की उड़नपरी साबित हुई। मधु ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सीनियर छात्रा वर्ग में ज्योरिका का दबदबा रहा। जूनियर वर्ग में कृतिका, राधा, मीना क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रही। सीनियर वर्ग में गीता द्वितीय, निशा खान तृतीय, वर्षा चौथे और पूजा पांचवें स्थान पर रही। छात्रों के जूनियर वर्ग में मनोज प्रथम, लेख राज द्वितीय और ओम प्रकाश ने तृतीय स्थान हासिल किया। जाहिर खान और प्रदीप को चौथा और पांचवां स्थान मिला। सीनियर वर्ग में बंटी कुमार का दबदबा रहा। पवन द्वितीय, सौरव चंदेल तृतीय स्थान पर रहा। चौथे और पांचवें स्थान पर क्रमश: रमेश चंद और दीपक ने बाजी मारी। इस अवसर पर विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय कमलेश की याद में इस तरह की स्पर्धाओं का आयोजन सराहनीय है। एथलेटिक्स के क्षेत्र में कमलेश को महारथ हासिल थी। उन्होंने बच्चों से अपील की कि पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों भी भाग लें।

Related posts