मधुबन से मुकबरा चौक होगा सिग्नल फ्री

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शनिवार को आउटर रिंग रोड सिग्नल फ्री प्रोजेक्ट के तीसरे हिस्से का शिलान्यास किया। इसके तैयार होने के बाद मधुबन से मुकरबा चौक के बीच का हिस्सा सिग्नल फ्री हो जाएगा। इसके अलावा साइकिल चालकों के लिए अलग से साइकिल ट्रैक की सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट में रेन वाटर हार्वेस्टिंग व हरित क्षेत्र का खास तौर पर इंतजाम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में बेहतर सड़कों का जाल बिछ गया है। दस साल के भीतर दिल्ली में 66 फ्लाईओवर बनाए गए। इससे राजधानी की अलग पहचान बनी है। यह सिलसिला अभी भी जारी है। इस दौरान मुख्यमंत्री भाजपा पर निशाना साधने से भी नहीं चूकीं। इशारों-इशारों में उन्होंने कहा कि कॉलोनियों को पास करना सबूत है कि दिल्ली सरकार आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश कर रही है। जो लोग सरकार पर थोथे आरोप लगा रहे हैं, उनसे दिल्लीवासी हिसाब ले ही लेंगे। इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री राजकुमार चौहान व स्थानीय विधायकों के साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रोजेक्ट के बारे में पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बताया कि करीब 3.80 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में एलिवेटेड सड़क की लंबाई 2.60 किलोमीटर होगी। प्रोजेक्ट की लागत 422 करोड़ रुपये आएगी।
बता दें कि 12 मई को मुख्यमंत्री ने आउटर रिंग रोड सिग्नल फ्री प्रोजेक्ट के दूसरे हिस्से (मधुबन से मंगोलपुरी) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। चार किलोमीटर के इस हिस्से का 2.6 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा। इसके निर्माण में 423 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं प्रोजेक्ट के पहले हिस्से (विकास पुरी से मीरा बाग) का निर्माण कार्य दो महीने पहले शुरू हो चुका है। वहीं मुकरबा से वजीराबाद के बीच के आखिरी हिस्से का शिलान्यास जल्द ही किया जाएगा।
—————–
ये है पूरा प्रोजेक्ट
बीस किलोमीटर लंबा वजीराबाद से विकासपुरी कॉरिडोर के निर्माण में 2200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्ट को चार हिस्सों में बांटा गया है। पूरे सेक्शन में सात फ्लाईओवर व एलिवेटेड सड़कों का निर्माण होगा। तीन साल में प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद कॉरिडोर सीधे सिग्नेचर ब्रिज से जुड़ जाएगा।

Related posts