मदद नहीं, मुझे न्याय चाहिए

बड़सर (हमीरपुर)। अंतराष्ट्रीय शूटर विजय कुमार के पिता सूबेदार बांकू राम ने मारपीट मामले में प्रशासन से न्याय की अपील की। शनिवार को बड़सर प्रशासन की ओर से अधिकारी अस्पताल में शूटर विजय के पिता से मिलने पहुंचे तथा कुशलक्षेम जाना। उन्होंने शूटर विजय कुमार के पिता को मदद देनी चाही लेकिन सूबेदार बांकू राम ने मदद नहीं ली। सूबेदार बांकू राम ने कहा कि साहब पैसे नहीं, मुझे न्याय चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करे। उन्होंने बताया कि देर शाम हुए हादसे में बाराती उन्हें मारने पर उतारू थे। इसमें दूल्हे के साथ कार में बैठे सहयोगी शामिल थे। उनके आगे हाथ जोड़ने के बावजूद नहीं बख्शा तथा बेरहमी से पिटाई की। उसके भतीजे की भी पिटाई की। उसकी पत्नी, भांजी चिल्लाते रहे लेकिन बारातियों को उन पर दया नहीं आई। बारातियों ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। अगर सड़क में जा रही दूसरी गाड़ी वालों ने नहीं बचाया होता तो बाराती उन्हें जान से मार देते। सूबेदार बांकू राम ने बताया कि प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार व कानूनगो अस्पताल आए थे, लेकिन मदद लेने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए। नायब तहसीलदार ओपी शर्मा ने बताया कि एसडीएम के निर्र्देश पर शूटर के पिता बांकू राम का कुशलक्षेम जानने के लिए गए थे। उन्हें काफी चोटें लगी हैं।

Related posts