
नई दिल्ली। दिल्ली पर्यटन विभाग की मथुरा-वृंदावन और फतेहपुर सीकरी के लिए शुरू की गई टूर योजना खटाई में पड़ती दिख रही है। 23 फरवरी से शुरू किए गए इस टूर को हर शनिवार को चलाए जाने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए 23 फरवरी से ही ऑनलाइन बुकिंग भी खोल दी गई लेकिन पहला जत्था लगभग 4 माह बाद 6 जुलाई को रवाना हो सका। हर शनिवार को चलाए जाने के निर्णय के बावजूद 6 जुलाई के बाद के दो शनिवार में पर्यटकों के अभाव में टूर नहीं जा पाया।
दिल्ली पर्यटन विभाग ने लंबे समय से रेगुलर टूर की श्रेणी से वंचित रहे मथुरा-वृंदावन और फतेहपुर सीकरी के लिए टूर शुरू किया था। इसके लिए मथुरा-वृंदावन-फतेहपुर सीकरी, आगरा और दिल्ली को जोड़कर एक नया टूर ग्रुप बनाया गया था। इसके लिए विभाग ने शनिवार और रविवार का दिन तय किया था। कहा जा रहा है कि बारिश के कारण लोग इसके लिए आवेदन नहीं कर रहे हैं। वैसे चर्चा यह भी है कि ज्यादा किराए के कारण यह योजना सफल नहीं हो पा रही है।
–टूर—
– दो दिन और एक रात की यात्रा, फतेहपुर सीकरी में रात्रि विश्राम
– शनिवार सुबह सात बजे से रविवार शाम तक
– वातानुकूलित वाहन में यात्रा
– किराया–
वयस्क 3299
बच्चा (5-10 साल) 2887 रु. प्रति व्यक्ति
