
पंजावर (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सलोह, ईसपुर और पंजावर में शुक्रवार को राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से अलंकृत सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रविंद्र नाथ पाठक ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी है। मतदाता यदि सकारात्मक सोच से ओतप्रोत होकर विनम्रता पूर्ण मतदान करें तो उनके द्वारा चुने हुए प्रतिनिधि भी गरिमापूर्ण व्यवहार करेंगे। अक्सर लोकतंत्र के मंदिर में ऐसे लोग चुन कर आते हैं जो मतदाताओं को निराश ही नहीं करते, अपितु लोकतंत्र की व्यवस्थाओं से लोगों का विश्वास तक उठा देते हैं। यह समाज और देश के हित में नहीं है। इसका कारण यही है कि देश का एक बड़ा वर्ग मतदान करने के प्रति संजीदा ही नहीं है। इसी मतदान के अधिकार को पाने के लिए हमारे बुजुर्गों ने कितनी लाठियां झेलीं, यातनाएं सही, लेकिन आज हम उसी अधिकार के प्रति सचेत नहीं है। इस मौके पर पंजावर स्कूल के प्रधानाचार्य अश्विनी कुमार शर्मा, सलोह स्कूल की प्रधानाचार्य अरुणा कौशल, ईसपुर के एसएमसी सदस्य मुकेश जसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। उधर, पंडोगा स्कूल में प्रधानाचार्य राकेश मल्होत्रा की अगुवाई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
