मतदान बढ़ाने वाले बूथ होंगे सम्मानित

बिलासपुर/ जुखाला। शुक्रवार को बिलासपुर के कोठीचौक में सदर और जुखाला में नयनादेवी भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में लोकसभा चुनाव को लेकर सभी नेताओं ने जरूरी टिप्स दिए। प्रदेश महासचिव रणधीर शर्मा, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल और संसदीय क्षेत्र के प्रभारी प्रवीण शर्मा समेत कई नेताओं ने वर्तमान कांग्रेस सरकार पर हमला बोला।
पूर्व सांसद सुरेश चंदेल ने कहा है कि कांग्रेस के राज में तानाशाही पनपी हुई है। हर बूथ से न केवल बढ़त दिलानी है बल्कि मतदान प्रतिशतता भी बढ़ानी होगी। बढ़त दिलाने और मतदान प्रतिशतता बढ़ाने वाले बूथों के कार्यकर्ताओं के लिए ऐसा ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जहां उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कोठी चौक में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिए। चंदेल ने कहा कि देश में ही नहीं बल्कि प्रदेश से लेकर विधानसभा स्तर तक कांग्रेस तानाशाही रवैया अपनाए हुए हैं। नेता टेंडर लेने में तक अफसरों पर दबाव बना रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिह ने एक नेता की क्लास भी लगाई है। उधर, जुखाला में नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में प्रदेश महासचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। सवा साल में ऐसा कोई वर्ग नहीं है, जिसको इस कांग्रेस सरकार ने ठगा न हो। सबसे ज्यादा धोखा युवा वर्ग को इस सरकार ने दिया है। अनुराग ठाकुर ने पिछले पांच वर्षों में लोगों की उम्मीदों से बढ़कर कार्य किए हैं। उनके इस कार्यकाल की न केवल हिमाचल बल्कि देशभर में प्रशंसा होती रही है। संसदीय क्षेत्र के प्रभारी प्रवीण शर्मा ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे। मंडलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, सुभाष ठाकुर, सुभाष शर्मा, अश्वनी डोगरा, जिला उपाध्यक्ष उर्मिला कौशल, प्यारेलाल चौधरी, ध्यान सिंह, सुभाष शर्मा, स्वदेश ठाकुर, पवन चंदेल, नयनादेवी मंडल अध्यक्ष कैप्टन चौधरी राम, महामंत्री सतदेव शर्मा, भीम सिंह चंदेल, प्रेम सिंह ठाकुर, सोनल शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts