
भोरंज (हमीरपुर)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण पहली अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक किया जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी भोरंज बलवान चंद मंढोत्रा ने बताया कि उपमंडल भोरंज में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 26 सितंबर को राजनीतिक दलाें के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। 27 सितंबर को अभिहित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और 28 सितंबर को बूथ लेवल अधिकारियों को तहसील परिसर भोरंज में विशेष पुनरीक्षण अभियान-2014 के संदर्भ में प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 2 अक्तूबर, 20 अक्तूबर को विशेष ग्राम सभा दिवस और 6 अक्तूबर, 13 अक्तूबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति निकटतम मतदान केंद्र में उपस्थित अधिकारी के समक्ष मतदाता सूची में नाम दर्ज करने व नाम कटवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उपमंडल के तहत आने वाले युवा वर्ग का आह्वान किया कि फोटोयुक्त पहचान पत्र बना कर लोकतंत्र को सुदृढ़ करने में अपना मताधिकार का प्रयोग करें।
