
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने तीन लोगों को लकड़ी की तस्करी करते हुए दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 379 और वन अधिनियम 41,42 के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मणिकर्ण घाटी के जरी क्षेत्र में संाझाचुल्ला के समीप एएसआई धर्म चंद नाका लगाकर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की तलाशी कर रहे है। उसी दौरान तीन लोग लकड़ियों को पीठ में उठाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने जब उनसे लकड़ी का परमिट मांगा तो उनके पास परमिट नहीं था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की तो सांझा चूल्हा के जंगलों में खुले में रखी अवैध लकड़ी की 45 कड़ी बरामद की है। वहीं डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिससे वन तस्करों पर लगाम लगाई जा सके। पकड़े गए तस्करों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया को अमल में लाया जा रहा है। मामले की छानबीन का जिम्मा एएसआई धर्मचंद को सौंपा गया है।
