
लंबलू (हमीरपुर)। गसोता पेयजल योजना के तहत आने वाले चार गांवों के लोगों ने आईपीएच विभाग पर मटमैले पानी की आपूर्ति करने का आरोप लगाया है। लोगों में इस बात को लेकर खासा रोष है कि इस संबंध में आईपीएच के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया गया है। लोगों के अनुसार क्षेत्र के गसोता, बालू, भरठयाण तथा गाहलियां में गंदेे पानी की आपूर्ति हो रही है।
ग्रामीणों में सुरेंद्र कुमार, राजकुमार, संजय कुमार, विनोद कुमार, विजय कुमार, सतीश कुमार, विपिन कुमार, नरेश कुमार, राजेश कुमार, कमल देवी, कमलेश, शेर सिंह और रमेश चंद का कहना है कि क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। पेयजल के साथ नलों से कीड़े टपक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि विभागीय कर्मचारियों द्वारा टैंकों में ब्लीचिंग पाउडर नहीं डाला जा रहा है। इससे क्षेत्र के करीब चार गांवों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे पहले भी पेयजल भंडारण टैंक की सफाई कर दवाई डालकर स्वच्छ पानी की आपूर्ति करने का आग्रह किया जा चुका है, बावजूद इसके विभाग ने कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। वहीं इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग लंबलू की कनिष्ठ अभियंता पूनम कुमारी का कहना है कि उन्हें इस बारे में अभी तक कोई भी शिकायत नहीं मिली है। इस समस्या की गहनता से छानबीन कर इसका समाधान किया जाएगा।
