मजदूर ने फंदा लगाकर दे दी जान

रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत भड़ावली पंचायत के राजपुरा में नेपाली मूल के एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मसारना जंगल से शव को बरामद कर लिया है। मृतक ने सुसाइड नोट में स्वेच्छा से फंदा लगाने की बात लिखी है।
जानकारी के मुताबिक राजपुरा में रहने वाले नेपाली मूल के एकल बहादुर (42) ने मसारना जंगल में फंदा लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक राजपुरा में वन निगम के एक ठेकेदार के पास काम करता था। जंगल में फंदे से एक व्यक्ति के लटके होने की खबर मिलने के बाद रामपुर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस थाना रामपुर प्रभारी संगत राम नेगी ने नेपाली मजदूर के फंदे से लटकने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नेपाली व्यक्ति ने फंदा लगाने से पूर्व सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने ऐसा कदम स्वेच्छा से उठाने की बात लिखी है। उसने सुसाइड नोट में लिखा है कि वह नेपाल में रह रही अपनी बीमार पत्नी का उपचार नहीं करवा पा रहा है। साफ है कि पारिवारिक उलझनों की वजह से ही उसने मौत को गले लगा लिया। पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके भतीजे को सौंप दिया है।
बेटे से न कराया जाए दाह संस्कार
पुलिस के मुताबिक नेपाली मजदूर एकल बहादुर अपने बेटे से भी दुखी था। उसने डायरी में लिखा है कि उसका बेटा उसकी नहीं सुनता। इसलिए उसका दाह संस्कार उसके बेटे से नहीं करवाया जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उसे मुक्ति नहीं मिलेगी।

Related posts