
ऊना। जिला मुख्यालय और उसके पास स्थित रक्कड़ कालोनी में पेश आए दो हादसों में एक आठ वर्षीय बालक सहित तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है। वहीं घायलों में बालक सहित एक अन्य व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना में पेश आए हादसे में रोटरी चौक स्थित एक घर की छत से आठ वर्षीय बालक आयूष पुत्र सुरेश कुमार खेलते समय नीचे आ गिरा। जमीन पर सिर के बल गिरने के चलते बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय कारोबारियों की मदद से उसको तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार आरंभ कर दिया गया है। बालक के सिर में गहरी चोट लगने से उसकी हालत गंभीर है।
उधर, रक्कड़ कालोनी में एक घर में मरम्मत कार्य में जुटे दो कामगार बुरी तरह घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुक्खू चौहान पुत्र शंकर चौहान और धर्मेंद्र कुमार निवासी वार्ड नंबर चार के घर में दीवार के मरम्मत कार्य में जुटे थे। इसी दौरान दीवार पर बनी शेल्फ उन पर आ गिरी। हादसे में दोनों कामगार बुरी तरह घायल हो गए। इनमें सुक्खू चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। मकान मालिकों और स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। डीएसपी मनीष डढवाल ने बताया कि पुलिस घटना के संदर्भ में छानबीन कर रही है।
