मजदूरों को न्यूनतम वेतन 10 हजार मांगा

नादौन (हमीरपुर)। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर एवं जन विरोधी नीतियों के विरोध में नादौन में प्रदर्शन किया। सीटू के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। कार्यकर्त्ताओं ने इंद्रपाल चौक से रामलीला मैदान तक रैली निकाली। कार्यकर्त्ताओं ने एसडीएम नादौन को ज्ञापन सौंपा और मजदूरों और कर्मचारियों को न्यूनतम मासिक 10 हजार रुपए वेतन और पेंशन देने की मांग की।
रैली की अध्यक्षता कर रहे सीटू जिला सचिव प्रताप राणा, जिलाध्यक्ष जोगिन्द्र कुमार, युवा नेता अनिल मनकोटिया, राज कुमारी, निम्मो देवी सहित सुरेश कुमार, सुनीता देवी, सुमना, वीना, सुदर्शना, पुनीत, रविन्द्र आदि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सीटू ने देशभर में केंद्र सरकार द्वारा अपनाई जा रही मजदूर, जन विरोधी नीतियों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। केंद्र सरकार द्वारा कैश ट्रांसफर नीति का कड़ा विरोध करने के साथ सट्टा बाजारी से खाद्य पदार्थों को अलग करने की मांग कर रहे हैं। सट्टा बाजारी के कारण देश में खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छूने लगी हैं।
सीटू नेठेकेदारी प्रथा का भी विरोध किया और एक समान काम, एक समान वेतन देने की मांग की। मजदूरों को 10 हजार रुपये न्यूनतम वेतन देने, मजदूरों को पेंशन देने, मनरेगा में काम के लिए आवेदन करने पर रसीद देने, ठेका मजदूरों को पक्का करने, अंशकालीन कर्मचारियों में आंगनबाड़ी, मिड डे मील, वाटर गार्ड व अन्य विभागों में लगे मजदूरों को पक्का करने की मांगों का प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन में सुनीता देवी, सुमना देवी, वीना कुमारी, सुदर्शना देवी, सुनीता देवी, अर्चना कुमारी, प्रिया देवी, रजनी देवी, सीमा कुमारी, प्रिया देवी, ललिता देवी, निम्मोदेवी, तृप्ता देवी, विद्यादेवी आदि मौजूद रहे।

Related posts