मजदूरों के हक की लड़ाई में कूदे नेता

पतलीकूहल (कुल्लू)। मजदूरों के हक की लड़ाई में अब नेता भी कूद पड़े हैं। रविवार को सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सिंघा के साथ हिलोपा प्रमुख महेश्वर सिंह और मनाली विकास मंच के अध्यक्ष धर्मवीर धामी ने भी रायसन में हल्ला बोला। जानकारी के अनुसार रायसन में एक फैक्टरी में मजदूरों की हड़ताल 70वें दिन में प्रवेश कर गई है, लेकिन अभी तक विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। इस कारण यह मामला काफी तूल पकड़ गया है। इन तीन नेताओं के आने की पूर्व सूचना के चलते पुलिस प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारी कर रखी थी। डीएसपी संजय शर्मा और कुल्लू के एसडीएम सुरेश जसवाल रैली स्थल के पास एक गुप्त स्थान से सारी स्थिति पर नजर रखे हुए थे। राकेश सिंघा, धर्मवीर धामी और महेश्वर सिंह को सुनने के लिए बड़ी संख्या में मजदूर संगठन और आम जनता रायसन में जुटी। तीनों नेताओं केे रैली स्थल पर पहुंचने पर मजदूरों ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन मजदूरों को फैक्टरी परिसर से पांच सौ मीटर दूर रखने के आदेशों के चलते पुलिस की मुस्तैदी को देख मजदूर नेताओं ने स्थिति को नियंत्रण से बाहर नहीं होने दिया। धर्मवीर धामी ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मसले का हल नहीं निकला तो आंदोलन को और उग्र कर दिया जाएगा। महेश्वर सिंह ने कहा कि दशहरा उत्सव में व्यस्त रहने के बाद वे फिर मजूदरों की लड़ाई जारी रखेंगे। वहीं, सीटू नेता राकेश सिंघा का कहना है कि अब सत्याग्रह के माध्यम से निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। उधर, डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस हर स्थित का सामना करने को तैयार है। वहीं एसडीएम सुरेश जसवाल ने कहा कि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने को प्रशासन तत्पर है।

Related posts