
मुबारिकपुर (ऊना)। प्रदेश भवन निर्माण एवं कामगार इंटक यूनियन की विशेष बैठक जिला अध्यक्ष रामजी लाल जस्सल की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर रामजी लाल जस्सल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार की ओर से कामगारों के हितों की सुरक्षा के लिए भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कामगार बोर्ड का गठन किया गया है। इसमें मजदूरों के हितों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होने कहा कि बोर्ड के पास करोड़ों रुपये की पूंजी जमा है, जिसे कामगार बोर्ड की ओर से पंजीकृत मजदूरों के कल्याण के लिए खर्च किया जाएगा। इसके अंतर्गत कामगार मजदूरों का 50 हजार तक निशुल्क इलाज होगा। इसमें मजदूर के माता-पिता एवं परिवार के अन्य तीन सदस्य भी शामिल हैं। पंजीकृत गर्भवती महिला को 11 हजार एवं मजदूर महिला को तीन हजार एवं मजदूर को साइकिल के लिए 1500 रुपये अनुदान का प्रावधान किया गया है। पंजीकृत कामगार मजदूर के दो बच्चों कीशादी के लिए 21-21 हजार रुपये का प्रावधान भी है तथा महिला प्रसूति पर मृत्यु होने पर 51 हजार रुपये का प्रावधान एवं अंतिम संस्कार को पांच हजार रुपये का अनुदान देय है। इसके अलावा मजदूरों को मकान बनाने, बच्चों के उच्च शिक्षा के लिए अनुदान एवं ऋण की भी सुविधा का प्रावधान किया गया है। उन्होने बताया कि मुबारिकपुर में भी मजदूरों का पंजीकरण शिविर लगाया गया है। इसमें मजदूर अपनी इच्छा से पंजीकरण करवाकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस मौके पर यूनियन के वरिष्ठ उपप्रधान ओम प्रकाश राणा, महासचिव अशोक कुमार भाटिया, कुलवंत सिंह, शामलाल, सुरेंद्र शर्मा, पूर्ण सिंह, रामपाल, अजय डढ़वाल सहित अन्य कई उपस्थित रहे।
