
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। रोहतांग दर्रा खुलने केे साथ ही प्रवासी मजदूरों का लाहौल पहुंचना भी शुरू हो गया है। ऐसे में लाहौल पुलिस भी मजदूरों के पंजीकरण को लेकर सतर्क हो गई है। हजारों प्रवासी मजदूर इन दिनों लाहौल घाटी मजदूरी करने को पहुंच रहे हैं। लिहाजा, जिला पुलिस ने इनकी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही फिंगर प्रिंट लेना भी शुरू कर दिए हैं। पुलिस की फाइलों पर नजर दौड़ाएं तो लाहौल घाटी में अपवाद के मामलों में प्रवासी मजदूरों का हाथ अधिक रहा है। इन दिनों जिला पुलिस कोकसर से तिंदी तक मजदूरों पर नजर रख रही है। बाहर से आने वाले हर मजदूर के पंजीकरण के साथ ही उसके फिंगर प्रिंट भी लिए जा रहे हैं। जिला पुलिस प्र्रमुख जी सिवा कुमार ने घाटी के सभी पुलिस थानों तथा चौकियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि बाहर से घाटी आने वाले हर प्रवासी मजदूरों का पंजीकरण करें। उन्होेंने घाटीवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घरों में रख रहे मजदूरों का भी नजदीकी थानों तथा चौकियों में नाम पता दर्ज करवाएं। एसपी जी सिवा कुमार ने बीआरओ, लोनिवि और आईपीएच विभाग से भी अपने अधीन रखे जाने वाले मजदूरों का पंजीकरण करने को कहा है। घाटीवासी विरेंद्र कुमार, सुरेंद्र ठाकुर, रंजीत कुमार, रघुवीर सिंह और प्रेमलाल ने बताया कि पुलिस की पंजीकरण और फिंगर प्रिंट लेने की मुहिम एक सराहनीय कदम है।
