मक्की की बिजाई करें किसान

हमीरपुर। मक्की की फसल के लिए पर्याप्त बारिश हो चुकी है । अब मौसम साफ होते ही किसान मक्की की बिजाई का कार्य शुरू कर सकते हैं। जिला में हुई बारिश मक्की की फसल के लिए वरदान साबित होगी। हमीरपुर जिले में ही 30 हजार 250 हेक्टेयर भूमि पर मक्की फसल की बिजाई होती है। कृषि विभाग के अनुसार मौसम ठीक रहता है और समय पर बारिश होती है तो 75 हजार मीट्रिक टन मक्की फसल होने की संभावना है।
जिला हमीरपुर के विभिन्न स्थानों पर झमाझम बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल गए हैं। अच्छी फसल के लिए मेहनत करने का समय भी आ गया है। जिन लोगों ने पहले ही बिजाई कर दी है, बारिश उनके लिए लिए अच्छी रहेगी। जिन किसानों ने अभी बिजाई नहीं की है, खेतों में जुटने की तैयारी कर लें। कृषि विभाग की मानें तो फसल बिजाई के लिए अब उपयुक्त बारिश हुई है तथा मौसम साफ होने के पश्चात फसल बिजाई का अच्छा समय है। कृषि विभाग के अनुसार अधिक बारिश से यदि खेत में अधिक पानी है तो बिजाई के लिए मौसम साफ होने के बाद एक दो दिन इंतजार करें। कृषि विभाग के विशेषज्ञों की सलाह से अच्छी किस्म का बीज बोएं, जिससे अधिक उत्पादन हासिल होगा। बाजार में विभिन्न किस्मों के बीज उपलब्ध हैं, परामर्श के पश्चात अच्छी किस्म का उपयोग करें।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ रमेश चंद का कहना है कि विभिन्न क्षेत्रों में पर्याप्त बारिश हो चुकी है जो मक्की की फसल बीजने के लिए उपयुक्त है। कुछ स्थानों में अधिक बारिश हुई है, उन जगह मौसम साफ होने के एक दो दिन बाद बिजाई करना उपयुक्त रहेगा।

Related posts