
अंब (ऊना)। रविवार देर शाम चली आंधी के चलते अंब-मुबारिकपुर रोड पर स्थित एक मकान पर विशालकाय आम का पेड़ आ गिरा, जिससे मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब मुबारिकपुर मार्ग पर गुरनाम सिंह के पक्के मकान पर आम का पेड़ गिर गया, जिससे उनका भारी नुकसान हुआ है। गुरनाम सिंह ने बताया कि घटना के वक्त परिवार के सभी लोग रसोई में बैठ कर खाना खा रहे थे। इस वजह से उनकी पत्नी, दो बेटियां एवं उनका एक दस साल का बेटा बाल-बाल बच गए। अंब के पंचायत प्रधान रमन कुमार ने बताया कि मौके पर पटवारी को भेजा गया है। नुकसान का आकलन कर संभव मदद परिवार को दिलाई जाएगी। उधर, आंधी के चलते विद्युत बोर्ड को भी काफी नुकसान हुआ। अंब के आसपास के क्षेत्रों में कई जगह खंभों से तारें टूट गई हैं, जिससे दिनभर बिजली गुल रही। दिनभर विद्युत कर्मी विद्युत बहाल करने में जुटे रहे।
हालांकि अंब बाजार में देर दोपहर बाद विद्युत सप्लाई बहाल हो गई थी। उधर, उपमंडलाधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि आंधी के कारण चारों तरफ नुकसान हुआ है, खास कर मक्की की फसल पूरी तरह बरबाद हो गई है। इसकी रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेजी जाएगी। वहीं अंब विद्युत बोर्ड के एसडीओ अशोक कौंडल ने बताया कि आंधी के चलते तारें टूट गई हैं, जिसे जोड़ा जा रहा है। शीघ्र की विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी जाएगी। वहीं हरोली के घालुवाल के पास पेड़ गिरने के चलते होशियारपुर मार्ग बंद हो गया था, जिसके चलते होशियार आने-जाने वाली बसें वायां सलोह होकर गुजरीं। देर दोपहर बाद पेड़ को सड़क से हटा दिया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से चल सका।
