
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर के वार्ड नंबर सात में एक रिहायशी मकान के गिरने से वृद्धा मलबे में दब गई। वृद्धा को मलबे से परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्तपाल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है।
सुजानपुर के वार्ड नंबर सात में बुधवार सुबह करीब चार बजे अजोध्या प्रसाद का तीन कमरों का स्लेटपोश मकान भारी बारिश के चलते अचानक गिर गया। इस दौरान भरेवती देवी मकान के मलबे की चपेट में आ गई। गौर रहे कि भरेवती देवी की बहू की गत सप्ताह सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके चलते परिवार के सभी सदस्य जाग रहे थे जबकि भरेवती देवी अलग कमरे में सो रही थी। इस दौरान भारी बारिश के चलते तीन कमरों का स्लेटपोश मकान का एक कमरा गिर गया। इससे कमरे में सोई भरेवती देवी मलबे की चपेट में आ गई वहीं दो अन्य कमरों में दरारें आ गई हैं जो गिरने की कगार पर हैं। मकान के एक हिस्से के गिरने की आवाज सुनकर जाग रहे लोगों में अजोध्या प्रसाद, जगदीश, पवन, जोगेंद्र, जगमेल आदि कमरे की तरफ भागे और भरेवती देवी को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद भरेवती देवी को 108 एंबुलेंस से तुरंत स्वास्थ्य केंद्र सुजानपुर पहुंचाया गया। घायल वृद्धा को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत दे दी है। तहसीलदार राजीव ठाकुर, नपं अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। पार्षद सुमन अटवाल ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
एसएमओ डॉ. केसी चोपड़ा का कहना है कि घायल महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। महिला की तबीयत में सुधार है।
