
थानाकलां (ऊना)। मंदली वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में जोनल स्तरीय 43वीं अंडर-19 चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को पंचायत प्रधान महिंद्र सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न प्रकार की स्पर्धाओं में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभाएं उजागर होती हैं एवं मानसिक एवं शारीरिक रूप से बच्चे सुदृढ़ होते हैं, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। लड़कियों की अंडर-19 जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ऊना एवं बंगाणा जोन की 35 पाठशालाओं के 380 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो व बैडमिंटन के मुकाबलों में प्रतिभागी अपने-अपने जौहर दिखाएंगे। पंचायत प्रधान मंदली ने 5100 रुपये खेलों के सफल आयोजन के लिए पाठशाला को दान के तौर पर दिए। इस अवसर पर पाठशाला के प्रधानाचार्य किशोरी लाल शर्मा, धमांधरी के प्रधानाचार्य योगराज भारद्वाज, अंबेहड़ा के प्रधानाचार्य आरसी शर्मा, एसएमसी प्रधान राम स्वरूप, वरिष्ठ प्रवक्ता पवन कुमार, उपाध्यक्ष डीएसएसए सोमलाल धीमान, चनण अटवाल, सुरेश राणा, विक्रम बहादुर, जागीर सिंह, भगवान चंद, अशोक धीमान व जगतार सिंह आदि मौजूद रहे।
