
हमीरपुर। राजकीय उच्च विद्यालय मंझेली में अंडर-14 खेल प्रतियोगिताओं का रविवार को शुभारंभ हो गया। ग्राम पंचायत प्रधान मंझेली इंदु बाला ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और खेलों का आगाज किया। मुख्याध्यापक राजेश कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
खेलकूद प्रतियोगिता में खंड स्तर की 23 टीमों के 238 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खेल प्रतियोगिता में चार प्रकार की खेलों का आयोजन किया जाएगा जिसमें कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, वालीबाल शामिल हैं। खंड स्तर पर विजयी टीमें सुजानपुुर में होने वाली जिलास्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
शुभारंभ कार्यक्रम अवसर पर शारीरिक शिक्षक राकेश सिंह को बेहतरीन कार्य के लिए स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि इंदु बाला ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलें मानसिक और शारीरिक विकास के लिए जरूरी है। इससे प्रतिस्पर्धा की भावना भी जागृत होती है। खेलों के आयोजन के लिए 1100 रुपये की राशि प्रदान की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू के प्रधानाचर्य रोशन लाल शर्मा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ओपी सुमन, उपप्रधान ग्राम पंचायत मंझेली, एसएमसी प्रधान जीएचएस मंझेली हाकम सिंह, वार्ड पंच रतनी देवी, वार्ड पंच प्रीतम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
