मंजू की मौत पर उठने लगे कई सवाल

कोटखाई (शिमला)। क्षेत्र में गत 29 अप्रैल कोे हुई मंजू की मौत पर कई सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं, पुलिस अभी तक मंजू की मौत के कारणों का पता तक नहीं लगा पाई है। इधर, क्यारी पंचायत प्रधान ने भी पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंजू की हत्या हुई है।
क्यारी पंचायत की प्रधान द्रोंपती चौहान का कहना है कि महिलाओं को शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर जाने में डर लगता है। क्यारी पंचायत में इसी साल क्यारी के पास एक शव झाड़ियों में पड़ा मिला था और इस बार मंजू का शव जंगल में मिला। उन्होंने बताया कि पंचायत की बैठक में उपस्थित महिलाओं ने भी प्रधान पर मामले की उचित जांच करवाने का दबाव डाला है। वहीं कोटखाई थाना प्रभारी गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि मंजू की सहेली से दो बार पूछताछ की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या और दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अभी जुन्गा लैब से रिपोर्ट आना शेष है। इधर, क्यारी पंचायत की प्रधान द्रोंपती चौहान और महिला मंडल बाड़ी डकाल धाली ने सरकार से मांग की है कि पुलिस विभाग से इस मामले की ईमानदारी से जांच करवाई जाए।

Related posts