भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस-भाजपा : ओंकार

कुल्लू। भारत कम्यूनिस्ट (मार्क्सवादी) जिला कुल्लू की बैठक सरचंद ठाकुर की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें पार्टी राज्य सचिवालय सदस्य डॉ. ओंकार शाद भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस और भाजपा भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार नव उदारवादी नीतियों को तेजी से लागू कर रही है। इन नीतियों के चलते राज्य सरकार ने रैनबेक्सी कंपनी को प्रदेश के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेचा है। ज्यादातर अस्पतालों में डाक्टरों के पद खाली हैं। ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में बसें नहीं चल रही हैं। राज्य में आईपीएच की स्कीमों का नीतिकरण कर दिया है, जिसके चलते पानी भी महंगा हो जाएगा। पार्टी गैस में लाई गई कै श ट्रांसफर नीति का विरोध करती है, क्योंकि गैस सिलेंडर के दाम 1350 रुपये हो गए हैं। जनता के खाते में 450 रुपये सब्सिडी भी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए 26 जनवरी को मंडी में बैठक करेगी। पार्टी के जिला सचिव प्रेम गौतम ने कहा कि राज्य सरकार की जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ और अस्पतालों में डॉक्टरों के खाली पद भरने आदि समस्याओं को लेकर 12 जनवरी से जिला कुल्लू के सभी ब्लॉकों में अभियान चलाया जाएगा। इन सभी समस्याओं को लेकर एक से पांच फरवरी तक ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन भी किए जाएंगे। पार्टी के जिला सचिवालय एवं राज्य कमेटी के सदस्य होतम सिंह सौंखला ने कहा कि डिपुओं में मिलने वाला राशन समय पर नहीं मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत खराब है, लेकिन सरकार और विभाग का ध्यान इस ओर नहीं है। बैठक में पार्टी जिला सचिवालय सदस्य नारायण सिंह चौहान, भूप सिंह, जिला कमेटी सदस्य राजेश ठाकुर, चमन लाल, गीता राम, शेर नेगी, राम चंद, खेम चंद, अनिल कुमार, मोती राम कटवाल और प्रीतम नारू आदि उपस्थित रहे।

Related posts