भोरंज में विवाहिता ने जहर निगला

भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत भ्याड़ गांव में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत के आधार पर सास, ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति को अभी तक पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा कर दिया। दोनों पक्षों में हाथापाई भी हो गई। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। कुछ लोग ससुराल पक्ष के आंगन में संस्कार करने की बात भी कह रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को शांत करवाया।
23 वर्षीय अति देवी उर्फ अनु पत्नी संदीप कुमार ने वीरवार रात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। अति देवी की मां बिशंभरी देवी ने पुलिस में तहरीर दी कि वीरवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे बेटी का फोन आया था। उसने बताया कि ससुराल वाले उसे जहर दे रहे हैं। रात को ही मायके से उसका जीजा ससुराल पहुंचा तो अति देवी अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसे तुरंत भोरंज सीएचसी पहुंचाया गया। ससुराल पक्ष की ओर से कोई भी अस्पताल नहीं आया। इस दौरान विवाहिता की मौत हो गई।
शुक्रवार को मायके पक्ष से महिलाओं ने मृतका के घर पहुंचकर हंगामा कर दिया। शव को ससुराल के आंगन में जलाने की जिद्द पकड़ ली। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई भी हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करवाकर अंतिम संस्कार करवाया। मृतका की माता बिशंबरी देवी पत्नी स्व. कृष्ण चंद की शिकायत के आधार पर मृतका की सास सरस्वती देवी और ससुर राम नाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पति संदीप पानीपत में नौकरी करता है जिसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। बिशंबरी ने तीनों पर बेटी को तंग करने का आरोप लगाया है।

एक साल पहले करवाया था समझौता
पंचायत प्रधान महल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक साल पहले पीड़ित परिवार के बीच पंचायत ने समझौता करवाया था। मृतका की सास और ससुर ने बहू को उनसे अलग करने की शिकायत की थी। इसके चलते मृतका को अलग कमरा दिया गया था जिसे पुलिस ने सील कर दिया है। घटनास्थल पर मुंडखर पंचायत प्रधान वीना देवी, उपप्रधान लेखराज, वार्ड सदस्य भलखू राम, सत्या देवी, सिमरो देवी आदि मौजूद रहे।

क्या कहते हैं संबंधित अधिकारी
एसएचओ भोरंज ओम चंद का कहना है कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर सास, ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हाथापाई कर रहे दोनों पक्षों को शांत करवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।

Related posts