भोरंज में बढ़ रही चोरी की वारदातें

भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में चोरियों का सिलसिला दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। चोरों के हौसले बुलंद है कि दिनदिहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस शातिरों पर शिकंजा कसने में नाकाम हैं और मूकदर्शक बनी हुई है। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा शातिरों को जल्द ही पकड़ने के दावे जताए जाते हैं।
पिछले एक माह के भीतर भोरंज उपमंडल में कई दुकानों में सेंधमारी की घटनाएं हुई हैं और नकदी सहित सामान चोरी किया है लेकिन पुलिस चोरों का सुराग लगाने में नाकाम साबित हो रही है। सेंधमारों ने करीब एक माह पहले तरक्कवाड़ी के अनिल और सधरियाणा से एक बाइक, स्कूटर चोरी किया लेकिन इनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। डेरा परोल में एक करियाना शाप में हजारों रुपये का सामान और नकदी लेकर चोर भाग गए। पलाही धमरोल से एक बाइक और 10 हजार रुपये की नकदी, खरबाड़ स्कूल में सेंधमारी, करहा आंगनबाड़ी केंद्र से गैस सिलेंडर चोरी, रिहायशी मकान से लाखों रुपये की ज्वैलरी के चोरी होने से स्पष्ट है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं लेकिन पुलिस मौन बनी हुई है। सभी घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती है। उपमंडल में केबल तार चोरी होने की घटनाएं भी कुछ कम नहीं हैं लेकिन आज दिन तक चोर गिरोह का भंडाफोड़ नहीं हुआ है।
उधर, थाना प्रभारी ओम चंद का कहना है कि पुलिस मुस्तैदी से क्षेत्रों की गश्त कर रही है। हालांकि कुछेक लोग पकड़े भी गए हैं। शेष सभी मामलों की छानबीन जारी हैं।

Related posts