भोटा में नवविवाहिता ने जहर निगला, मौत

हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत भोटा में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। विवाहिता के माता-पिता ने ससुरालियों पर बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 498ए, 306 और 34 के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बलदेव सिंह पुत्र प्रभुदयाल निवासी सोहारी, बड़सर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसकी बेटी प्रियंका की शादी सोमदत्त पुत्र राजकुमार निवासी भोटा, हमीरपुर से वर्ष 2012 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसके पति सोमदत्त और सास गायत्री देवी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। व्यवहार से परेशान उनकी बेटी ने दुखी होकर कोई जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने विवाहिता के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा लिया है। पुलिस को मृतका के कमरे से शीशे पर कुछ लिखा हुआ भी मिला है, उस शीशे को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर लिया है। मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts