
कुल्लू। हिमाचल पेंशनर कल्याण संघ खंड कुल्लू की बैठक प्रधान जेएन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान सभी मुद्दों तथा समस्याओं सहित संगठन में एकता आदि पर चर्चा की गई। बजट में प्रमुख मांगों की घोषणा करने के लिए कुल्लू खंड के पेेंशनरों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। पेेंशनरों ने वित्त सचिव हिमाचल प्रदेश से सभी विभागाध्यक्षों को उनकी मांगों के अनुसार एमआरसी के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान करने का आग्रह किया है। इसके अलावा परिवहन मंत्री से नगर परिषद क्षेत्र में तुरंत मुद्रिका बस चलाने की मांग की है। जिलाधीश कुल्लू से सरवरी बाजार में डंगों के दोबारा निर्माण के लिए लोनिवि के आकलन के अनुसार धनराशि एकत्रित करने का भी आग्रह किया है। इसके साथ ही आरटीओ कुल्लू से प्राइवेट बसों में यात्रियों को टिकट देना सुनिश्चित करवाने का अनुरोध किया है। बैठक में प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर, जिला महासचिव प्रेम चंद, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान गोयल, प्रदेश सचिव अशोक शर्मा, महासचिव हेम शर्मा सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।
