
कुल्लू। एक माह पूर्व उत्तराखंड में हुई भारी तबाही के बीच मारे गए लोगों की आत्मा की शांति को लेकर भुंतर में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। 25 से 31 जुलाई तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन शिव मंदिर भुंतर में होगा। कार्यक्रम पार्वती जल विद्युत परियोजना-दो और तीन के अलावा सब्जी मंडी भुंतर तथा भुंतर वासियों के सहयोग से किया जा रहा है।
आचार्य अमर कृष्ण जी महाराज श्रीकृष्ण की कथा भक्तों को सुनाएंगे। श्रीमद्भागवत सप्ताह का शुभारंभ 25 जुलाई को कलश यात्रा के साथ होगा। दोपहर दो बजे कलश स्थापना की जाएगी। हर रोज दोपहर तीन बजे तक कथा का वाचन होगा। 31 जुलाई को पूर्णाहुति के बाद भंडारा लगेगा। आचार्य अमर कृष्ण जी महाराज ने बताया कि कार्यक्रम में ग्वालियर की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संगीत मंडली के अतिरिक्त वृंदावन के कलाकार नृत्य नाटिका पेश करेंगे। धार्मिक कार्यक्रम में कुल्लू के विधायक महेश्वर सिंह, बंजार के विधायक कर्ण सिंह, भुट्टिको के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर, पूर्व मंत्री खीमीराम, जिला परिषद अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के महासचिव अरुण शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगे।
