
भुंतर (कुल्लू)। कुल्लू-भुंतर शहर में कुछ वाहन चालक यातायात नियमों की
खुलकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। चालक अपने वाहनों को सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर गायब हो जाते हैं। इससे अकसर जाम लगता है। पुलिस महकमे की कार्रवाई का भी इन पर असर नहीं है।
भुंतर से रामशीला तक सफर करने में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि कुछ अरसा पहले पुलिस महकमे ने बिगड़ैल वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए एक रिकवरी वैन का प्रबंध किया था लेकिन यह मुहिम भी ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी। अब सड़क पूरी तरह पार्किंग स्थल बन गई है। रामशीला से भुंतर तक ऐसे कई स्पॉट हैं जहां पर वाहन चालकों ने ही कब्जा कर रखा है। रामशीला, आखाड़ा बाजार, सरवरी, गांधीनगर और शमशी भुंतर में हालत बेकाबू है। गांधीनगर में तो पूरा दिन वाहन सड़क के किनारे खडे़ रहते हैं। ब्यासामोड और शमशी में भी यही हालत है। शोरूम और दुकानों के आगे पार्किंग सुविधा न होने के कारण वाहन सड़क पर ही पार्क होते हैं। लेकिन इन पर कार्रवाई नहीं होती।
गांधीनगर में तो पूरी सड़क को ही पार्किंग बना रखा है। स्थानीय निवासी सुरेश, मोहन, लीलाधर, पूजा और भावना ने कहा कि कुल्लू में इस तरह की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। विभाग से मांग की कि सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को जब्त किया जाए। एएसपी निहाल सिंह ने बताया कि ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाए।
