भीषण अग्निकांड में दुकान राख

अंब (ऊना)। उपमंडल के चक में एक दुकान आग की भेंट चढ़ गई। भीषण आगजनी में दुकान में रखी लाखों रुपये की लकड़ी राख हो गई। घटना वीरवार तड़के की है। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आगजनी पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों के बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार चक निवासी अजय कुमार की दुकान में वीरवार तड़के अचानक आग लग गई। दुकान के अंदर रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग की लपटों को देख लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में दुकान के अंदर रखी लकड़ी एवं प्लाईबोर्ड जलकर राख हो गए। दमकल विभाग के अधिकारी सुदर्शन गौड़ ने बताया कि अजय कुमार निवासी चक अपनी दुकान का काम करवा रहा था। इस कारण दुकान के अंदर लकड़ी एवं प्लाईबोर्ड रखे हुए थे। आग लगने के कारण दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उधर दुकान के मालिक अजय कुमार ने बताया कि नई दुकान में फर्नीचर का काम लगाया हुआ था। आगजनी में उनका लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आगजनी के कारणों का अभी सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।

Related posts